फतेहपुर। माध्यमिक शिक्षा विभाग बोर्ड परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। 109 केंद्रों में कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाने का काम तेजी पर है। उधर, बोर्ड की वेबसाइट न खुलने से प्रवेश पत्रों की त्रुटियां सुधारने के लिए तहसील स्तर पर दो सदस्यीय कमेटी लगा दी गई है। प्रधानाचार्यों को स्पष्टीकरण के साथ प्रवेशपत्रों में सुधार कराने के निर्देश दिए गए हैं।
बोर्ड परीक्षा केंद्रों में 50 प्रतिशत कक्ष निरीक्षक बाहरी लगाए जाएंगे। हर परीक्षा केंद्र पर 50 प्रतिशत शिक्षकों की ड्यूटी दूसरे केंद्रों में लगाने का काम हो रहा है। माध्यमिक में शिक्षकों की कमी होने पर बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों से कक्ष निरीक्षक का काम लेने की तैयारी है। इसके लिए जल्द ही बीएसए को पत्र भेजा जाना है। उधर, माध्यमिक शिक्षा परिषद बोर्ड की वेबसाइट नहीं खुलने से प्रवेश पत्रों की त्रुटियां सुधारने में समस्या हो रही है।
डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह ने तहसील स्तर पर प्रवेश पत्रों में सुधार के लिए दो सदस्यीय कमेटी गठित की है। फतेहपुर तहसील में राजकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल लालपुर दरौटा के प्रधानाचार्य डॉ. संदीप सक्सेना और शुकदेव इंटर कालेज के प्रवक्ता देवमणि लगाए गए हैं। बिंदकी तहसील कमेटी में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महना के प्रधानाचार्य विजय कुमार और पं. रामगोपाल इंटर कालेज के प्रवक्ता चंद्रभवन लगाए गए हैं। खागा तहसील में डॉ. सत्यनारायण भारती हायर सेकेंड्री स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. हेमंत त्रिपाठी और धाता इंटर कालेज के व्यायाम शिक्षक अजय दीक्षित लगाए गए हैं।
डीआईओएस ने बताया कि प्रवेशपत्रों की गड़बड़ी प्रधानाचार्यों की लापरवाही का परिणाम है। जिन स्कूलों के प्रवेशपत्रों में गड़बड़ी है, प्रधानाचार्य स्पष्टीकरण के साथ प्रवेश पत्र लेकर सात फरवरी से 12 फरवरी के मध्य कमेटी के समक्ष प्रस्तुत होंगे। कमेटी प्रवेशपत्रों में संशोधन करेगी।
======================
कल से उत्तर पुस्तिकाएं बटेंगी
फतेहपुर। बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं सात फरवरी से बांटी जाएंगी। शहर के राजकीय इंटर कालेज से सात फरवरी को खागा तहसील क्षेत्र के परीक्षा केंद्र की उत्तर पुस्तिकाएं मिलेंगी। 10 फरवरी को बिंदकी और 11 फरवरी को फतेहपुर तहसील क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों को उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण किया जाएगा।
=================
प्रश्नपत्र नौ को पहुंचाए जाएंगे
फतेहपुर। बोर्ड परीक्षा प्रश्नपत्र नौ फरवरी को परीक्षा केंद्र पहुंचाए जाएंगे। इसके आठ बसों की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक बस में एक राजकीय शिक्षक, एक लिपिक और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के साथ दो सशस्त्र सुरक्षा कर्मी तैनात होंगे।
.....................
जीआईसी में बना मुख्य संकलन केंद्र
फतेहपुर। जिले से सभी 109 परीक्षा केंद्रों की उत्तर पुस्तिकाएं मुख्य संकलन केंद्र शहर के राजकीय इंटर कालेज को बनाया गया है। परीक्षा कंट्रोल रूम डीआईओएस कार्यालय परिसर स्थित स्काउट भवन में स्थापित हो चुका है।
..............................
परिचयपत्र के रंग से होगी पहचान
फतेहपुर। बोर्ड परीक्षा केंद्र में अधिकारी, शिक्षक और कर्मचारियों की पहचान परिचयपत्र के रंग से होगी। केंद्र व्यवस्थापक का परिचयपत्र केसरिया रंग का होगा। शिक्षकों का परिचयपत्र नीले रंग का होगा। लिपिक और अन्य कर्मचारी केंद्र के अंदर काले रंग का परिचय पत्र लगाएंगे। परिचयपत्र के साथ सभी को आधार कार्ड रखना अनिवार्य किया गया है।