खागा। रानीपुर मौरंग घाट किनारे बनी पानी की टंकी की दीवार गिरने से एक किसान की मौत हो गई। दूसरा किसान गंभीर घायल है। हादसा मंगलवार देर शाम हुआ। परिजनों के कहने पर पुलिस ने शव को कब्जे में नहीं लिया।
धाता थाना क्षेत्र के रानीपुर मौरंग घाट किनारे हाल ही में एक नलकूप लगाया गया था। पीने का पानी जमा करने के लिए पक्की टंकी बनाई गई थी। यह करीब 14 मीटर लंबी और सात फीट ऊंची थी। मंगलवार देर शाम रानीपुर गांव निवासी किसान अवधेश नारायण त्रिपाठी (55) अपने साथी अमरेंद्र त्रिपाठी (35) के साथ पानी की टंकी के पास बैठे थे। अचानक टंकी की दीवार पानी के दबाव में फट कर ढह गई। दीवार के मलबे में दोनों लोग दब गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को निकालकर सिराथू के एक अस्पताल पहुंचाया। देर रात अवधेश की मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर लौट आए। सुबह धाता पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेने लगी। परिजनों ने कोई कानूनी कार्रवाई नहीं कराने की बात कही। इस पर पुलिस ने शव कब्जे में नहीं लिया। एसओ धाता अर्जुन सिंह ने बताया कि परिजनों ने किसी प्रकार की कार्रवाई न कराने की बात लिखकर दी है।