मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में सुस्ती बरतने पर एडीओ पंचायत ने चेतावनी दी है कि गुरुवार तक संशोधित सूची नहीं जमा की गई, तो बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ब्लॉक क्षेत्र की 58 ग्राम सभाओं में मतदाता पुनरीक्षण चल रहा है। हर गांव में बीएलओ को घर-घर घूमकर मतदाताओं के नाम का परिवर्तन, विलोपन, संशोधन करना था। संशोधित सूची 12 नवंबर तक जमा करनी थी। दिवाली की वजह से विभाग ने दो दिन का समय और बढ़ा दिया था।
एडीओ कार्यालय में जमा करने वाले शिवप्रकाश पाल का कहना है कि अभी तक महज 33 गांवों की सूची मिली है। जबकि 35 गांव के बीएलओ अभी तक नहीं पहुंचे।
एडीओ सत्यप्रकाश त्रिपाठी का कहना है कि यदि बीएलओ का काम देख रहे कर्मचारी गुरुवार तक सभी प्रपत्र नहीं जमा किया तो संबंधित विभाग को लिखा जाएगा।
मतदाता सूची में परिवर्तन संशोधन व विलोपन की तीन प्रतियां जमा करना है। बुधवार को जानकारी के अभाव में कुछ बीएलओ केवल मूल प्रति लेकर पहुंचे।
जिसके बाद सभी लोग घंटों उलझे रहे। शिवप्रकाश पाल ने बताया कि अभी मतदाता फार्म-17 बीएलओ अपने पास ही रखेंगे। 30 नवंबर के बाद आपत्ति ली जाएंगी। इसके उपरांत ही मतदाता फार्म जमा करने होंगे।