क्षेत्र व जिला पंचायत सदस्य पद के पहले चरण के लिए आज मतदान होगा। पहले चरण में 4,92,064 मतदाता 2074 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। मतदान केंद्रों के आसपास कड़ा सुरक्षा घेरा बनाया गया है। जिला प्रशासन ने निर्वाचन में खलल डालने वालों से सख्ती से निपटने के आदेश दिए हैं। मतदान सुबह सात बजे से पांच बजे तक होगा।
क्षेत्र पंचायत व जिला पंचायत सदस्य पद के चार चरणों में होने वाले चुनाव का श्रीगणेश बिंदकी तहसील क्षेत्र से होने जा रहा है। इस चरण में इस तहसील के खजुहा, अमौली, देवमई व मलवां ब्लाक क्षेत्र शामिल हैं। यहां जिला पंचायत के 15 वार्ड व क्षेत्र पंचायत के 336 वार्डों के लिए मतदान होगा।
जिसमें जिला पंचायत सदस्य पद के लिए 311 उम्मीदवार मैदान में हैं। जबकि क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 1763 प्रत्याशी ताल ठोंक रहे हैं। नौ न्याय पंचायत वाले खजुहा ब्लाक में 74 ग्राम पंचायतें हैं। ग्राम पंचायत वार्ड व क्षेत्र पंचायत वार्ड की संख्या क्रमश: 922 व 90 है। मतदान केंद्रों की संख्या 121 व मतदान स्थलों की संख्या 269 है। यहां पर 1,33,307 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेगा।
आठ न्याय पंचायत से समाहित 63 ग्राम पंचायतों वाले देवमई ब्लाक में ग्राम पंचायत व क्षेत्र पंचायत वार्ड की संख्या क्रमश: 765 व 67 है। मतदान केेंद्र व मतदान स्थलों की क्रमश: 103 व 190 है। इस ब्लाक में 96,272 मतदाता हैं।
मलवां ब्लाक में नौ न्याय पंचायतें व 72 ग्राम पंचायतें हैं। ग्राम पंचायत वार्ड व क्षेत्र पंचायत वार्ड की संख्या क्रमश: 930 व 100 है। मतदान केेंद्र व मतदान स्थलों की 112 व 294 है जबकि मतदाता 150514 है। अमौली ब्लाक मेें आठ न्याय पंचायत शामिल हैं। ग्राम पंचायतों की संख्या 66 हैं।
ग्राम पंचायत वार्ड व क्षेत्र पंचायत वार्ड की संख्या 816 व 79 है। मतदान केंद्र व मतदान स्थलों की संख्या 121 व 236 है। यहां पर 111971 मतदाता हैं। इस प्रकार से पहले चरण में किस्मत आजमाने वाले 2074 प्रत्याशियों की किस्मत 492064 मतदाता लिखने जा रहे हैं।
इन भाग्यविधातों का रुख किस करवट बैठेगा, यह पत्ते मतदान प्रक्रिया के बाद ही खुलने शुरू हो सकेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव रौतेला ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा। चुनाव की सुचिता का पूरा ख्याल रखा जाएगा। शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न कराया जाएगा।
फतेहपुर। पहले चरण के चुनाव में कई कद्दावर नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चंद्र यादव के साथ सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव, असोथर के पूर्व ब्लाक प्रमुख सुधीर त्रिपाठी जैसे चेहरे शामिल हैं। जिला पंचायत सीट महिला के लिए आरक्षित होने के बाद कुछ कद्दावरों को जीत के लिए नए सिरे से मेहनत करनी पड़ी है।