धाता। अहमदपुर कुसुंभा गांव के लोगों को पिछले एक महीने से सप्लाई का पानी नहीं मिल पा रहा है। इस कारण वह पानी के लिए भटक रहे हैं। पेयजल की समस्या नलकूप की मोटर फुुंकने के कारण हुई है, जिसकी मरम्मत अभी तक नहीं हुई।
धाता विकास खंड के अहमदपुर कुसुंभा में पेयजल समूह योजना के तहत जल निगम की ओर से नलकूप की स्थापना करीब 35 वर्ष पहले की गई थी। शुरुआत में इस योजना के तहत कुसुंभा सहित आस-पास के कई गांवों में पानी की आपूर्ति की जाती थी लेकिन समय के साथ रखरखाव व देखरेख नहीं होने के कारण अब मौजूदा समय में केवल कुसुंभा में ही पानी की आपूर्ति होती है। करीब एक महीने पहले नलकूप की मोटर फुंक गई थी। इस कारण महीने भर से ग्रामीणों को पानी नहीं मिल रहा है। राकेश सिंह, प्रधान मनमोहन सिंह, कुशलपाल सिंह, अतुल सिंह, शिवभवन सिंह, सुंदर सिंह, झगड़ू, कमलेश सिंह, धर्मराज सिंह, बाबू सिंह, छोटू सिंह का कहना है कि गांव में हैंडपम्पों की स्थिति खराब है और अधिकांश खारा पानी उगल रहे हैं। पीने के पानी के लिए दूसरों के घर जाकर सबमर्सिबल पंप से पानी भरना पड़ता है।। जल निगम के जेई इमरान ने बताया कि मोटर की व्यवस्था हो गई है, जल्द ही पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।