बिंदकी। चेकिंग और राजस्व वसूली के लिए टीम के साथ चांदपुर गांव पहुंचे बिजली विभाग के जेई और विजिलेंस इंस्पेक्टर को ग्रामीणों ने दौड़ा लिया। इसके बाद कई ग्रामीणों ने चांदपुर उपकेंद्र का घेराव किया और यहां मौजूद इन दोनों अफसरों को बंधक बना लिया। ग्रामीणों का गुस्सा देख कर्मचारी उपकेंद्र भाग निकले। किसी तरह मामले की जानकारी एसडीओ बिंदकी को मिली तो उन्होंने चांदपुर एसओ को घटना की सूचना दी। लेकिन पुलिस जब तक मौके पर पहुंचती हंगामा करने वाले जा चुके थे। एसडीओ ने तहरीर दी है।
शनिवार को चांदपुर गांव में विद्युत विभाग के जेई दीपेश कुमार, विजिलेंस इंस्पेक्टर अजय प्रताप सिंह टीम के साथ राजस्व वसूली और बिजली चोरी रोकने पहुंचे थे। गांव में सतवंत सिंह, कृष्ण मुरारी, रामचंद्र आदि का बिल बकाया होने पर टीम ने दो माह पहले उनका कनेक्शन काट दिया था। लेकिन बिना बिल जमा किए इन लोगों ने कनेक्शन जोड़ लिया। टीम ने शनिवार को जब इनका कनेक्शन दोबारा काटने का प्रयास किया तो यह लोग अपने साथी रामशंकर सिंह, धर्मेंद्र सिंह, फूल सिंह, रज्जन सिंह, राहुल कुमार के साथ आ धमके। आते ही इन लोगों ने गाली गलौज और अभद्रता शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने टीम को गांव से दौड़ा लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र चांदपुर का घेराव किया और यहां मौजूद जेई और विजिलेंस इंस्पेक्टर को बंधक बना लिया। कर्मचारी मौके से भाग निकले। मामले की जानकारी जब एसडीओ प्रशांत शुक्ला को हुई तो उन्होंने पुलिस से घटना की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन वहां कोई नहीं मिला। एसडीओ की ओर से तहरीर दी गई है। थाना प्रभारी राजेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई थी। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।