फतेहपुर। राजस्व की पैमाइश के बाद कब्जे के विवाद में महिला की पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस पीड़ित पक्ष से अपने तरीके से तहरीर लिखवाना चाहती है। पीड़ित पक्ष ने सीएम पोर्टल पर शिकायत की है। ऐसे ही एक अन्य मामले में लखनऊ से आए सेल्समैन की भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मदारीपुर कला निवासी जयकरन की पत्नी सुनीता ने बताया कि घर के पीछे भूमि पर पड़ोसी परिवार की नीयत बिगड़ी है। भूमि पर निर्माण का परिवार विरोध करता है। उसने समाधान दिवस में शिकायत की थी। शिकायत पर दोनों पक्षों के सामने राजस्व व पुलिस टीम ने जांच कर उसे कब्जा दिलाया था। भूमि पर 30 जनवरी की शाम निर्माण के लिए ईंट रखवा रही थी। इसी दौरान दूसरे पक्ष की तीन से चार महिलाएं पहुंचकर उसे पकड़ लिया। भूमि पर घसीटकर लात घूसों से पीटा। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वायरल वीडियो में सुनीता को तीन चार महिलाएं बाल पकड़कर पीटते नजर आ रहीं हैं। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने एक व्यक्ति का शांतिभंग में चालान कर दिया। आरोप लगाया कि तहरीर पुलिस अपने अनुसार लिखवाना चाह रही है। न लिखने पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा रही है। सीओ सिटी सुशील दुबे ने बताया कि शिकायतों की जांच कराई जाएगी।