फतेहपुर। शहर के वर्मा चौराहा और पत्थरकटा चौराहे से सब्जी बाजार हटेगा। नए सब्जी बाजार स्थल पर इंटरलाकिंग और चबूतरा बनाने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। 25 मार्च को टेंडर खुलेगा। मार्च महीने में नवीन सब्जी बाजार स्थल की व्यवस्थाएं दुरस्त की जाएंगी। अप्रैल में सब्जी बाजार नए स्थान पर शिफ्ट हो जाएगा।
शहर के पत्थरकटा चौराहे प्रतिदिन शाम पांच बजे से नौ बजे तक सब्जी बाजार लगता है। बाजार लगने के बाद यहां पर जाम की स्थिति पैदा होती है। ऐसे में यहां से वाहनों के निकलने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसी प्रकार शहर के वर्मा चौराहे पर सुबह 11 बजे तक सब्जी बाजार लगता है। ऐसे में इस सड़क में भी जाम की स्थिति पैदा होती है। नगर पालिका ने यह सब्जी बाजार हटाकर हरिहरगंज ओवरब्रिज के नीचे शिफ्ट करने का निर्णय लिया है। यहां से बाजार हटने के बाद जाम की समस्या से निजात मिल सकती है।