फतेहपुर। कोविड टीका लगवाने की प्रक्रिया में कई तरह की खामियां सामने आ रही हैं। कुछ दिन पूर्व लोगों को बिना टीका लगवाए ही वैक्सीनेशन सक्सेस फुल का मैसेज मोबाइल पर मिलने का मामला उजागर हुआ था। अब निर्धारित तिथि पर टीके लगवाने पहुंच रहे लोगों को वापस करने का मामला सामने आया है। इन्हें वहीं मैसेज
दिखाकर बिना टीका लगाए ही वापस किया जा रहा है। बिना टीका लगे ही पहले से टीकाकरण सफल होने का संदेश प्राप्त करने वाले लोग अब परेशानी में हैं। हालांकि अमर उजाला में प्रकाशित मुद्दे का संज्ञान लेते हुए डीएम के निर्देश पर दो सदस्यीय कमेटी प्रकरण की जांच करने के लिए खागा पहुंची थी।
तीन दिसंबर को अमर उजाला ने टीका लगा नहीं आ गया लगने का संदेश शीर्षक से खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। जिसमें बिना टीका लगे ही लोगों के मोबाइल पर कोविड-19 वैक्शीन लग जाने के संदेश पहुंचने की बानगी दी गई थी। जिसका जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे ने संज्ञान लिया और डिप्टी सीएमओ डॉ.सुरेश और
डॉ.इश्तियाक अहमद की टीम को खागा भेजा। टीम के साथ हरदों सीएचसी के प्रभारी डॉ. राजीव जायसवाल भी थे। टीम ने उन लोगों से मुलाकात की, जिनके मोबाइल पर वैक्सीनेशन सक्सेसफुल के संदेश पहुंचे थे। डॉ.इश्तियाक ने बताया कि तकनीकी खराबी और मोबाइल नंबरों की गलत फीडिंग के कारण ऐसा हुआ है।
वहीं दूसरी तरफ जिन लोगों के पास वैक्सीनेशन हो जाने के मैसेज पहुंच चुके हैं। अब उन्हें हकीकत में वैक्सीन लगवाने में दिक्कतें आ रही हैं। दूसरी डोज लगवाने पहुंचे लोगों को यह कहकर वापस कर दिया गया कि उन्हें पहले ही दूसरी डोज लग चुकी है। ऐसे में लोग निराश होकर लौट आए।
...
नयापुरवा की सुनीता देवी ने बताया कि उन्हें वैक्सीन की पहली डोज 17 अगस्त को लगी थी। दूसरी 6 दिसंबर को लगनी थी। उनके मोबाइल पर दूसरी डोज लगने का संदेश आ गया। निर्धारित तारीख पर जब वह अस्पताल पहुंचीं तो उन्हें संदेश का हवाला देकर वापस कर दिया गया।
.........
नयापुरवा नौबस्ता रोड के सुमेर सिंह ने बताया कि पहली डोज 30 सिंतबर को लगी थी। दूसरी 6 दिसंबर को लगनी थी। निर्धारित समय पर पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि उनके दोनों डोज लग चुके है। जिसका उन्हें मैैसेज भी दिखाया गया और वापस कर दिया गया।
.....
ध्यान सिंह निवासी रायपुर-हरदों ने बताया कि पहली डोज 30 अगस्त को लगी थी। दूसरी डोज 22 नवंबर से 20 दिसंबर के बीच लगनी थी। मंगलवार 7 दिसंबर को वह टीका लगवाने पहुंचे, तो वैक्सीन लगने की बात कहते हुए उन्हें वापस कर दिया गया।
---------
कुछ जगहों से ऐसी शिकायतें प्राप्त हुई हैं। जिस पर हमारी टीमें काम कर रहीं हैं। पीएचसी/सीएचसी स्तर पर मॉनीटरिंग की जा रही है। तकनीकी खराबी और मोबाइल नंबरों की गलत फीडिंग की वजह से ऐसा हो रहा है। इस समस्या को शीघ्र निस्तारित कर लिया जाएगा। - डॉ. राजेंद्र सिंह, सीएमओ।