खखरेरू। छेड़खानी से आहत छात्रा ने स्कूल जाना बंद किया है। परिजनों ने एसपी से शिकायत में पुलिस पर मामले में हीलाहवाली करने का आरोप लगाया है। दो दिन तक युवक को थाने में बैठाने के बाद छोड़ने का आरोप लगाया है।
एक गांव की रहने वाली इंटर की छात्रा आठ जुलाई को छुट्टी के बाद अपनी सहेली के साथ घर लौट रही थी। पनिया बाबा के पास गुरसंडी गांव के अमित पांडेय ने घर तक पीछा करते हुए रास्ते में छेड़छाड़ की थी। छात्रा के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर युवक को पकड़ा था। छात्रा के पिता ने बताया कि छात्रा का मेडिकल कराने के लिए वाहन का इंतजाम करना पड़ा। इधर, पुलिस ने आरोपी को दो दिन बाद छोड़ दिया। घटना के बाद से छात्रा दहशत में है। उसने स्कूल जाना बंद कर दिया है। प्रभारी निरीक्षक बच्चे लाल प्रसाद ने बताया कि मेडिकल के लिए गाड़ी बुलवाने का मामला संज्ञान में नहीं है। छात्रा के स्कूल नहीं जाने की बात को तस्दीक कर परिजनों से मुलाकात की जाएगी। उनकी समस्याओं का निदान किया जाएगा। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज है। धाराएं जमानतीय होने की वजह से उसका शांतिभंग में चालान किया गया है।