फतेहपुर। जिले में मई और जून माह में बीएड समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। केंद्र निर्धारण के साथ संबंधित प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि 31 मई को उप्र बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक संपन्न होगी। प्रत्येक पाली में 1632 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।
परीक्षा के लिए डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय बालिका स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज आबूनगर और महात्मा गांधी महाविद्यालय शांतिनगर को केंद्र बनाया गया है। महात्मा गांधी महाविद्यालय में 480 तथा अन्य केंद्रों पर 384-384 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
जून माह में होंगी तीन प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाएं
जून माह में तीन प्रमुख भर्ती परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। आठ जून से 10 जून तक आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 परीक्षा दो पालियों में होगी। 14 जून को प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज (प्रा.) परीक्षा-2025 एक पाली में आयोजित की जाएगी। इसके अलावा दो से चार जुलाई तक उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी।