जाफरगंज। नाली से अतिक्रमण हटाने के लिए ग्राम विकास अधिकारी की ओर से दिया गया तीन दिन का अल्टीमेटम पूरा हो गया, लेकिन अब तक कब्जा नहीं हटाया गया। बुधवार को हुई बारिश के बाद थाने वाली गली में जलभराव की समस्या और गंभीर हो गई।
घरों के सामने कई घंटे तक गंदा पानी भरा रहने से लोगों को आवागमन और रोजमर्रा के कामकाज में परेशानी उठानी पड़ी। पानी से उठ रही दुर्गंध के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
ग्रामीणों की शिकायत पर रविवार को ग्राम विकास अधिकारी आशी तिवारी ने थाने वाली गली पहुंचकर जलभराव की स्थिति देखी थी। जांच में नाली पर अतिक्रमण के कारण जलनिकासी बाधित मिली।
ग्राम विकास अधिकारी ने अतिक्रमणकारियों को तीन दिन में कब्जा हटाने का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी थी कि ऐसा न होने पर प्रशासन कब्जा हटवाएगा और कार्रवाई में आने वाला खर्च संबंधित अतिक्रमणकारियों से वसूल किया जाएगा। तीन दिन बीतने के बाद भी नाली से अतिक्रमण नहीं हटाया गया और बुधवार की बारिश में गली फिर पानी से भर गई।
सुरेश, पप्पू, राजीव, गोरेलाल, छोटेलाल, रामगोपाल विश्वकर्मा, राकेश मिश्रा समेत 12 से अधिक ग्रामीणों के घरों के सामने गंदा पानी जमा रहा। लोगों का कहना है कि नाली की सफाई और अतिक्रमण हटने तक हर बारिश में जलभराव की समस्या बनी रहेगी।
ग्राम विकास अधिकारी आशी तिवारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को कस्बे पहुंचकर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नाली से अतिक्रमण हटवाकर जलभराव की समस्या का समाधान कराया जाएगा।
फोटो-12-जाफरगंज में बड़ी मस्जिद थाना गली में भरा बरसात का पानी। संवाद