प्रेमनगर। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के देशराजपुर गांव के पास गुरुवार शाम करीब चार बजे तेज रफ्तार बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों के एक-एक युवक की मौत हो गई। दो लोग घायल हो गए।
सुल्तानपुर घोष थाने के टिकरी गांव निवासी नरेंद्र यादव का पुत्र राहुल (20) गांव के अपने साथी विपिन (22) खागा से बाजार कर घर जा रहे थे। खागा की ओर दूसरी बाइक सवार थरियांव थाने के डिहवा सलेमपुर निवासी रामकृपाल का पुत्र श्याम सिंह (23) गांव के साथी मुकेश (24) जा रहे थे। बाइकों की भिड़ंत में चारों गंभीर रूप से घायल हुए। सूचना पर चौकी चौराहे पर चेकिंग कर रहा फोर्स मौके पर पहुंचा। पुलिस ने राहगीरों के वाहनों से घायलों नर्सिंग होम व सीएचसी भेजा। बाइक सवार राहुल को नर्सिंग होम में मृत घोषित किया गया। इधर, हथगाम सीएचसी में श्याम सिंह को डॉक्टर ने मृत घोषित किया। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। श्याम सिंह के पिता का सीएचसी में हाल बेहाल दिखा। पिता ने बताया कि खागा मंडी में मटर बेची गई थी। रुपये लेने बेटा जा रहा था। थानाध्यक्ष राजेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि हादसा बाइक सवारों के तेज रफ्तार में होने की वजह से हुआ है। बाइक सवारों में सीधी भिड़ंत हुई। हेलमेट नहीं लगाने की वजह से सिर में चोट आई है।