24 घंटे के भीतर सड़क हादसों में दो महिलाओं की मौत हो गई। यह दोनों हादसे शहर में हुए। लोधीगंज क्षेत्र में सड़क पार करते वक्त महिला को वाहन टक्कर मारकर भाग निकला। घायल महिला को सदर अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।
जयरामनगर चौराहा के पास बेकाबू ट्रैक्टर ने बाइक पर टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक सवार महिला ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। जिसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसा करने वाले चालक को टै्रक्टर समेत पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के दुगरेई गांव निवासी युवा किसान शेखर सिंह चौहान की पत्नी लक्ष्मी देवी(23) को कई दिन से बुखार आ रहा था। हालत अच्छी न होने पर गुरुवार को शेखर, लक्ष्मी को दिखाने के लिए बाइक से शहर आ रहा था।
दोनों जयरामनगर चौराहा के पास पहुंचे थे तभी पीछे से आ रहा टै्रक्टर का चालक ओवरटेक करते तेजी से निकला। जिससे शेखर का संतुलन बिगड़ गया और बाइक की टै्रक्टर से टक्कर होने से पीछे बैठी महिला गिर पड़ी।
टै्रक्टर की ट्राली से महिला के टकरा जाने से उसकी घटनास्थल पर ही सांसें थम गईं। पत्नी को आंखों के सामने मरता देखकर पति बेसुध हो गया। हादसा देखकर इलाकाई दौड़ पड़े लेकिन पुलिस की मौजूदगी के चलते जाम जैसे हालात नहीं पैदा हो सके। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
वहीं, हथगाम थाना क्षेत्र के परसनपुर(कैथनपुर) गांव के रामपाल के बेटे दिनेश की तबीयत बिगडने पर लोधीगंज के एक नर्सिंगहोम में चार दिन पहले भर्ती कराया गया था। बेटी की तीमारदारी के लिए मां केशनिया(75) साथ आई थी।
बुधवार की रात 10 बजे महिला को लघुशंका लगी। जिस पर वह सड़क पार कर दूसरे छोर पर जा रही थी। तभी कानपुर की तरफ से आ रहे किसी वाहन की चपेट में आ गई। महिला के लहूलुहान होने की भनक लगने पर नर्सिगहोम में मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल महिला को सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने मृत करार दे दिया गया। कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि हादसा करने वाला वाहन पकड़ा नहीं जा सका है।