फतेहपुर। गाजीपुर-असोथर मार्ग पर बुधवार सुबह मौरंग लदे दो ट्रक ओवरटेक करने के प्रयास में फुटपाथ पर आ गए और धंस गए। मार्ग संकरा होने के कारण पीछे और सामने से आ रहे वाहनों की रफ्तार थम गई। कुछ ही देर में वाहनों की कतार लग गई। छोटे वाहनों ने नहर पटरी से होते हुए गुजरना शुरू किया, जबकि बड़े वाहन करीब 10 किमी का अतिरिक्त चक्कर लगाकर थरियांव मार्ग से गुजरे। देर शाम तक ट्रक फंसे थे।
मौरंग लाद कर गाजीपुर से असोथर की ओर जा रहा एक ट्रक सुबह करीब छह बजे कटरा गांव के पास जर्जर मार्ग पर धंस गया। हल्के वाहन व राहगीर सड़क के एक साइड से निकल रहे थे, लेकिन सात बजे दूसरा मौरंग से लदा ट्रक आया और जैसे ही ओवरटेक करने के लिए पटरी में उतरा वह भी धंस गया। दो ट्रकों के फंसने से हल्के वाहनों का निकलना बंद हो गया और राहगीरों की दिक्कतें बढ़ गईं। बाइक सवार व अन्य राहगीर कटरा माइनर से होकर निकलने लगे। भारी वाहनों को थरियांव मार्ग से हाईवे होकर 10 किमी का चक्कर लगाना पड़ रहा है।
एक दशक से जर्जर है सड़क
गाजीपुर से विजयीपुर तक की सड़क एक दशक से जर्जर है। इस सड़क को सपा शासनकाल में चौड़ीकरण के लिए मंजूरी मिली थी, लेकिन बजट न मिलने की वजह से निर्माण नहीं हो सका। अब जनवरी 2020 में 33.775 किमी सड़क चौड़ीकरण कराने की मंजूरी मिली है। 3407.56 लाख रुपये से यह सड़क बनाई जाएगी। पीडब्ल्यूडी ने इसका टेंडर भी करा दिया है।
जिम्मेदार बोले
चालकों से ट्रक को खाली कर हटाने के लिए कहा गया है। क्रेन न मिलने के कारण ट्रक नहीं हट सके, रात तक इन्हें हटवा दिया जाएगा।
--रणधीर बहादुर सिंह, थानाध्यक्ष असोथर।
...................
सड़क चौड़ीकरण कराने के लिए टेंडर करा दिया गया है। कार्यदायी संस्था ने सड़क निर्माण कराने के लिए गिट्टी डालने का काम भी एक तरफ से शुरू कर दिया है। सड़क निर्माण जब तक पूरा नहीं हो जाता है, लोड वाहनों के आवागमन में कुछ दिक्कतें बनी रहेंगी।
--रूपेश कुमार सोनकर, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी