सहिली। मलवां थाना क्षेत्र के धरमपुर मजरे तारापुर असवार में सोमवार देर शाम दो पक्षों में लाठियां चल गईं। इसमें दोनों पक्षों से पांच लोग चोटिल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। मंगलवार को दोनों पक्षों से 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है।
धरमपुर निवासी निरंजन पुत्र श्याम चरण और दूसरे पक्ष से रघुनाथ पुत्र सोहन के सहन के पास बिजली के पोल में स्ट्रीट लाइट को खोलने और बंद करने के विवाद में लाठी-डंडे चल गए। महिलाओंं ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर भी फेंके। इसमें एक पक्ष से अभिषेक, पवन, शिवचरण पुत्र निरंजन और कमला पत्नी निरंजन लहूलुहान हो गए। दूसरे पक्ष से अंकित पुत्र रघुनाथ को भी गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। सहिली चौकी इंचार्ज योगेश यादव ने बताया कि मारपीट में पांच लोगों को गंभीर चोट लगी है। सभी को एंबुलेंस के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक पक्ष से छह और दूसरे पक्ष से नौ लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है।