खागा। कोतवाली क्षेत्र के धरमदासपुर गांव में खेत पर कब्जे के विवाद में शनिवार सुबह करीब आठ बजे दो पक्ष भिड़ गए। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले। एक पक्ष ने अवैध असलहों से फायरिंग कर दहशत भी फैलाई। पुलिस फायरिंग से इन्कार कर रही है। दोनों पक्ष ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।
खागा कोतवाली क्षेत्र के धरमदासपुर गांव निवासी हरीलाल पासवान ने बताया कि वह शनिवार सुबह घर से निकलकर गांव के चौराहे की ओर जा रहा था। दूसरे पक्ष के चंद्रप्रकाश विश्वकर्मा अपने छह-सात साथियों संग लाठी-डंडा, तमंचा लेकर आए। उस पर दो लोगों ने गोली चलाई, वह बाल-बाल बचा। उस पर लाठी डंडे से हमला किया। मारपीट देख संतराम, विवेक, सुरेश, प्रमोद, सचिन, सुरेश, सोमवती, संजय, उमेश, रामप्यारी, हरिश्चंद्र, मीना बीच-बचाव के लिए पहुंचे।
उन्हें भी हमलावरों ने लाठी-डंडे से पीटकर चोट पहुंचाई। दूसरे पक्ष से चंद्र प्रकाश विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि कोतवाली में शिकायत करने की खुन्नस में हरीलाल पासावन समेत छह से सात लोगों ने सुबह उसके दरवाजे पर आकर मारपीट की। चंद्रप्रकाश पक्ष से सूर्य प्रकाश, राहुल, रंजीत व शीलू को चोट आईं है। दोनों पक्ष ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर कोतवाली में दी। पुलिस ने चोटिल लोगों को अस्पताल भेजा। कोतवाल हेमंत कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।