बिंदकी। कस्बे में अवैध रूप से संचालित दो नर्सिंग होम पर सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारा है। दोनों नर्सिंग होम में कोई डॉक्टर नहीं मिला और न ही नर्सिंग होम पंजीकृत मिले। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों नर्सिंग होम सील कर दिए। बिंदकी कोतवाली में तहरीर दी गई है।
कस्बे के ललौली रोड में विकास नर्सिंग होम और कुशवाहा नर्सिंग होम अवैध रूप से संचालित हो रहे थे। सोमवार की शाम एसीएमओ डॉक्टर इश्तियाक अहमद के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारा। इस दौरान नर्सिंग होम में कोई भी डॉक्टर तैनात नहीं मिला। वहीं दोनों नर्सिंग होम बिना पंजीकरण के संचालित हो रहे थे। कुशवाहा नर्सिंग होम में कार्रवाई के दौरान एक मरीज को खून भी चढ़ाया जा रहा था।
किसी भी प्रकार का पंजीकरण और डॉक्टर न होने के कारण टीम ने दोनों नर्सिंग होम सील कर दिए। एसीएमओ ने बताया कि दोनों नर्सिंग होम का पंजीकरण नहीं था। कोई डॉक्टर भी मौजूद नहीं मिला। दोनों नर्सिंग होम सील कर दिए गए हैं। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है। कोतवाली प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।