जाफरगंज। कानपुर-बांदा मार्ग पर जाफरगंज के रावतपुर नहर पुल के अंधा मोड़ पर रविवार रात नौ बजे बाइक सवारों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। घायलों को बिंदकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया और तीन को कानपुर हैलट रेफर किया।
बिंदकी कोतवाली के कमरापुर निवासी देशराज पाल (55) अपने छोटे भाई देवकुमार पाल (40) के साथ बाइक से ललौली के ननिहाल गांव बरौंहा से घर लौट रहे थे। उधर थाना ललौली के सिधांव निवासी रमाकांत का पुत्र नितिन (22) चाचा लक्ष्मीकांत के साथ बाइक पर किसी काम से बिंदकी आए थे। वह रात को गांव जा रहे थे। जाफरगंज थाना क्षेत्र के रावतपुर नहर के पास अंधा मोड़ होने के कारण बाइक सवारों की आमने-सामने सीधी भिड़ंत हो गई। पुलिस चारों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई।
डाॅक्टर ने देशराज पाल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल देव कुमार पाल, नितिन, लक्ष्मीकांत को रेफर किया है। एक बाइक देशराज और दूसरी बाइक नितिन बिना हेलमेट के चला रहे थे। थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि अभी तक किसी तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है।
.............................