कोल्ड स्टोरेज व टाइल्स शोरूम में दो लाख की चोरी
हसवा। थरियांव थाना क्षेत्र में चोरों ने शनिवार रात पूर्व ब्लाक प्रमुख के कोल्ड स्टोरेज और एक व्यापारी के टाइल्स के शोरूम से दो लाख का सामान पार कर दिया। कोल्ड स्टोरेज के सीसीटीवी कैमरे में चोर चोरी करते कैद हुए हैं। पुलिस ने कैमरे में आए चोरों की पहचान की है। पुलिस ने चोरों को पकड़ने के प्रयास में जुट गई है।
शहर के वर्मा चौराहा निवासी राममिलन शिवहरे का थरियांव थाना क्षेत्र हाईवे के बड़े पुल के पास टाइल्स का शोरूम है। रविवार रात चोर शोरूम का ताला तोड़कर 12 हजार रुपये, लैपटॉप, सीसीटीवी का डीवीआर उठा ले गए। गार्ड का एक मोबाइल भी चोरी हुआ है। पुलिस को चोरी मोबाइल की अंतिम लोकेशन मलवां थाने के चक्की नाका के पास मिली। घटना की सूचना पर सुबह शोरूम मालिक पहुंचे।
शोरूम के पीछे तालाब किनारे उन्हें चोरों द्वारा फेंके कागजात मिले हैं। राममिलन ने बताया कि करीब नगदी समेत सवा लाख की चोरी हुई है। चोरों ने दूसरी घटना बिलंदा स्थिति पूर्व ब्लाक प्रमुख के कोल्ड स्टोरेज में की। संचालक देवराज सिंह ने बताया कि घटना के बाद चोर कैमरा उखाड़ गए हैं। कैमरे के फुटेज के अनुसार करीब तीन बजकर 45 मिनट पर चोर घुसे थे।
यहां सो रहे स्टोर कर्मी लल्लन व किसान राधेश्याम निवासी सखियांव को तमंचा सटाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद राड से अलमारी तोड़कर लैपटॉप जिसकी कीमत 50 हजार रुपये है चुराया। उसके बाद दूसरी अलमारी तोड़ी। उसमें रुपये नहीं थे। करीब 20 से 25 हजार के कैमरे, केबल समेत अन्य सामान का नुकसान हुआ है। सूचना पर पुलिस पहुंची। थानेदार एमपी सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर घटनाओं की जांच की जा रही है।
कौशांबी में गैंग ने की थीं पांच चोरियां
कोल्ड स्टोर संचालक देवराज सिंह ने बताया कि उनका कौशांबी के सैनी में कोल्ड स्टोरेज है। यहां एक सप्ताह पहले चोरी हुई थी। अलमारी तोड़कर 50 हजार रुपये चोरी किए गए थे। उसी रात कौशांबी के शिवसागर सिंह के कोल्ड स्टोरेज, हांडा एजेंसी, कौशांबी सीओ ऑफिस के पास शोरूम समेत पांच जगह चोरी हुई थी।
कौशांबी और यहां के कोल्ड स्टोरेज के सीसीटीवी देखने से पता लगा कि दोनों घटनाएं एक ही गैंग ने की है। चोरियों में तीन लोग ही दिखे हैं। उनके हुलिए एक जैसे है। पुलिस ने गैंग शहर और मलवां थाना क्षेत्र का होने का अंदाजा लगाया है। थरियांव पुलिस ने कौशांबी पुलिस से संपर्क किया है।