अलग-अलग मार्ग दुर्घटनाओं में गुुरुवार रात युवती
समेत दो लोगों की मौत हो गई। सड़क पटरी पर खड़ी युवती को ट्रैक्टर ने कुचल
दिया जबकि एक युवक की तेज रफ्तार वाहन ने जान ले ली।
कौशांबी जिले के
नरौता मंझनपुर गांव निवासी फूलचंद अपनी पत्नी नीतू (22) के साथ बाइक से
ननिहाल लोहारपुर गांव जा रहे थे। रात में दंपति जैसे ही खखरेरू थाना
क्षेत्र के बरहटा गांव के पास पहुंचे, पति ने बाइक खड़ी कर दी।
वह शौच करने
लगे और पत्नी बाइक के पास सड़क की ओर खड़ी थी। अचानक खखरेरू की तरफ से आ
रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने नीतू को कुचल दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
नीतू का मायका कोखराज थाने के केनई जलालपुर गांव में है। उधर, सदर कोतवाली
क्षेत्र के चौफेरवा गांव निवासी अरविंद (22) गुरुवार की शाम किसी काम से
बाइक से जोनिहा गए थे।
रात में लौटते समय मलवां थाना क्षेत्र के तारापुर और
सहिली गांव के बीच किसी वाहन ने उन्हें कुचल दिया। मौके पर ही मौत हो गई।
रात भर यह सड़क पर ही पड़े रहे।
शुक्रवार सुबह लोग शौच के लिए सड़क की तरफ
आए, तो इन्हे मृत देखा। पुलिस को सूचना दी गई। जेब में मिले मोबाइल से
परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।