फतेहपुर। सड़क हादसों में शुक्रवार शाम एक बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसों से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव मार्च्युरी हाउस में रखवाए हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गढ़ीवा मोहल्ला निवासी सुनील (35) पुत्र राम सजीवन बाइक से छोटे रैदास (18) पुत्र रामराज रैदास के साथ रिश्तेदार के घर जोनिहां गया था।
जहां से वापस आते समय मलवां थानाक्षेत्र के दलीपुर गांव के पास ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। जहां डाक्टर ने सुनील को मृत घोषित कर दिया। चालक हेलमेट लगाए था।
इधर, हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सेमरहटा गांव निवासी जगतपाल बाइक से बेटे शिवांशू (7) को लेकर मलवां किसी काम से जा रहे थे। शहर कोतवाली क्षेत्र के नउवाबाग के पास ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में शिवांशू उछलकर जमीन पर गिर गया। इस दौरान पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। जबकि पिता जगतपाल घायल हो गया। एसएसआई प्रभुनाथ यादव ने बताया कि हादसा करने वाले ट्रक की तलाश की जा रही है। घटनास्थल पर हेलमेट नहीं मिला है।