हथगाम थानाक्षेत्र में बुलेरो को ओवरटेक करने के प्रयास में तीन बाइकों में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में दो की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। दो घायलों को हथगाम सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जबकि एक अन्य घायल को मामूली चोटें आई हैं। हादसा मानपुर गांव के सामने मुख्य मार्ग पर मंगलवार सुबह हुआ। एक बाइक पर तीन लोग सवार थे। बाइकों के चालक हेलमेट नहीं लगाए थे। सिर में गहरी चोट मौत का कारण बताई जा रही है।
कौशांबी के थाना सैनी के अलीपुर जीता गांव निवासी रामशंकर (45) शादी के बाद से हथगाम के कसरांव गांव स्थित ससुराल में रह रहे थे। परिवार में पत्नी कुसमा देवी और पांच बच्चे हैं। रामशंकर फतेहपुर स्थित एक नमकीन फैक्ट्री में काम करते थे। मंगलवार सुबह रामशंकर अपनी बाइक से फैक्ट्री में काम करने वाले साथी मलखान (35) पुत्र बाबू सिंह निवासी निचकी फरीदपुर और मुलायम (15) पुत्र हरिप्रसाद निवासी मानपुर के साथ काम पर जाने को निकले थे।
तीनों एक ही बाइक पर थे। मानपुर गांव के पास सामने से आए एक बाइक सवार ने बुलेरो को ओवरटेक किया और रामशंकर की बाइक से टकरा गया। इसी दौरान पीछे से आ रही एक और बाइक भी भिड़ गई। तीनों बाइकों की भिड़ंत होते ही आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और पुलिस को हादसे की जानकारी दी। पुलिस ने चार को हथगाम सीएचसी पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने रामशंकर और मलखान को मृत घोषित कर दिया।
मुलायम और दूसरी बाइक पर सवार सब्जी विक्रेता अखिलेश (24) पुत्र मिश्रीलाल निवासी पलिया हथगाम को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। एक अन्य बाइक पर सवार संगम लाल (20) पुत्र गंगादीन साहू निवासी पलिया गांव को मामूली चोटें आईं। हादसे में दो बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
सीएचसी के चिकित्सकों के मुताबिक रामशंकर और मलखान के सिर पर गहरी चोटें आईं थीं। अगर हेलमेट लगाए होते तो शायद जान बच जाती। हथगाम थानाध्यक्ष आदित्य सिंह ने बताया कि बुलेरो को ओवरटेक करने में हादसा होने की बात सामने आई है। मौके पर किसी का भी हेलमेट नहीं मिला है।