फतेहपुर/धाता। सदर कोतवाली, धाता और बिंदकी क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पांच लोग घायल हो गए।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के अभैया लक्ष्मणपुर निवासी रामलाल (58) पौत्र मयंक (8) को मोपेड से लेकर शहर आ रहे थे। भिटौरा बाईपास के पास तेज रफ्तार डंपर ने उनकी मोपेड में टक्कर मार दी। हादसे में रामलाल की मौत हो गई, जबकि पौत्र घायल हो गया। जिला अस्पताल से मयंक को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उधर धाता थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी बृजेश तिवारी (55) रविवार को डेंडासाही गांव निवासी राजेंद्र मिश्रा के घर रामायण कथा सुनाने साइकिल से जा रहे थे। धाता-खागा संपर्क मार्ग पर मोड़ के पास धाता की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी।
हादसे में कथा वाचक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष अभिलाष तिवारी ने बताया कि बाइक चालक की तलाश की जा रही है।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के जबरापुर गांव निवासी रामचंद्र मां तुलसी देवी को बाइक से लेकर हुसैनगंज थाने के बेरागढ़ीवा गांव आए थे। लौटते समय बरई मोड़ के पास पीछे से आ रही बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। बाइक पर सवार अहमदपुर हुसैनगंज निवासी शकील और मुमताज भी हादसे में घायल हो गए। दुर्घटना में चारों लोग घायल हुए।