फोटो-46-पकड़े गए साइबर अपराधी। स्रोत पुलिस
- फोटो : खेममऊ गांव में रमेश की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन।
फतेहपुर। डेंटल क्लीनिक संचालक के खाते से पांच लाख 18 हजार 126 रुपये की साइबर धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक मध्य प्रदेश का रहने वाला है। जांच में सामने आया कि पीड़ित का सिमकार्ड किसी करीबी ने महिला के नाम पर पोर्ट कराया था। इसके बाद खाते से रकम निकाल ली गई।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के चंदागली निवासी सुरेश सचान ने बताया कि अचानक उनका मोबाइल नंबर बंद हो गया। जब उन्होंने अपने खातों की जांच की तो पता चला कि मई 2025 में दोनों खातों से पांच लाख से अधिक की रकम निकल चुकी है। रकम निकाले जाने से पहले सिमकार्ड पोर्ट किया गया था।
साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के कटंगी बाईपास स्थित औरिया गांव निवासी विपिन चडार और जाफरगंज थाना क्षेत्र के डिघरुवा निवासी मोहित कुशवाहा उर्फ शोभित को गिरफ्तार किया गया है। विपिन को जबलपुर से और मोहित को बांदा से पकड़ा गया।
जांच में सामने आया कि पोर्ट किए गए सिम से नया यूपीआई खाता खोलकर रकम निकाली गई जो विपिन सहित अन्य खातों में ट्रांसफर की गई। विपिन का दूर के रिश्ते में मोहित से संबंध है और मोहित की भी खाते उपलब्ध कराने में संलिप्तता पाई गई है। सिम पोर्ट कराने वाला युवक पीड़ित का करीबी बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया है।