फतेहपुर जिले के हथगाम थाना क्षेत्र में बुधवार रात पुलिस और गोकशी के मामले में वांछित चल रहे बदमाशों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।
गोकशी में वांछित थे आरोपी, घेराबंदी पर चलाई गोली
क्षेत्राधिकारी खागा दुर्गेशदीप ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बीते 20 जुलाई को हथगाम थाना क्षेत्र के छिवलहा इलाके में गोकशी की एक संगीन वारदात अंजाम दी गई थी। तभी से पुलिस की कई टीमें इस मामले के आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थीं।
जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
खुद को पुलिस टीम से घिरता देख बाग में छिपे बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर सीधी फायरिंग झोंक दी और अंधेरे का फायदा उठाकर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम ने सूझबूझ का परिचय देते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की।
दो तमंचे, चापड़ और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के पास से 02 अदद 315 बोर के अवैध तमंचे, 02 जिंदा कारतूस, 03 खोखा कारतूस, 03 लोहे के भारी चापड़, 01 लकड़ी का ठीहा, 01 नीली प्लास्टिक शीट और बिना नंबर प्लेट वाली 01 चोरी की पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की गई है।