गाजीपुर (फतेहपुर)। नौटंकी देखकर ढाबे पर खाना खाने जा रहे बाइक सवार चचेरे भाइयों समेत तीन को तेज रफ्तार मौरंग लदे ओवरलोड ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल है। चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला।
थाना क्षेत्र के खनसेनपुर गांव निवासी बबलू प्रजापति के बेटे के मुंडन संस्कार के अवसर पर बुधवार रात नौटंकी का कार्यक्रम था। खनसेनपुर गांव के घनश्याम रैदास का पुत्र रिंकू (24) चचेरे भाई सूरज (20) व रिश्तेदार बवांरा निवासी अरविंद (22) के साथ गया था। रात करीब एक बजे तीनों बाइक से औगासी की ओर ढाबे में खाना खाने जा रहे थे।
गांव के मार्ग पर मौरंग लदे ओवरलोड ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे की खबर पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने बाइक सवारों को सीएचसी में भर्ती कराया। सीएचसी में डाॅक्टर ने रिंकू को मृत घोषित कर दिया। घायल अरविंद और सूरज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिला अस्पताल में अरविंद की मौत हो गई। सूरज को कानपुर हैलट रेफर किया गया है। थानाध्यक्ष विनोद मिश्रा ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज की गई है।