हुसैनगंज। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार दो चोरों को गिरफ्तार कर तीन छिनैती की घटनाओं का खुलासा किया। बृहस्पतिवार दोपहर बेला मोड़ के पास पुलिस संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने भागने की कोशिश की। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान हथगाम थाना क्षेत्र के नगरा निवासी नईम और सेमरहा निवासी गुरुप्रसाद सोनी के रूप में हुई। तलाशी में एक सोने की पोंगी, मोबाइल, बाइक और 3200 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में नईम ने बताया कि 27 सितंबर को तूरीपर गांव की वृद्धा से पोंगी और बाली लूटी थी।
प्रभारी निरीक्षक आलोक पांडेय ने बताया कि आरोपियों ने 13 जून को भलेवा की रामप्यारी के जेवर छीनने और खखरेरू थाना क्षेत्र की चोरी में भी शामिल होना स्वीकार किया है। घटना में शामिल असोथर के जीशान और वारिश की तलाश की जा रही है।