खागा खबर की फोटो-26-खागा कोतवाली में खड़े आरोपी। स्रोत: पुलिस
खागा। कार का साइड शीशा बाइक के हैंडल से छूने पर हुए विवाद में कार सवारों से मारपीट कर मोबाइल लूटने के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को दोनों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया। आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल बरामद हुआ है।
रायबरेली जिले के ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के पूरे भद्दी निवासी उत्तम पाठक रविवार देर शाम चचेरे भाई शिवम पाठक के साथ कार से बांदा के मर्का जा रहे थे। नौबस्ता बाईपास के पास कार का साइड शीशा सड़क किनारे खड़ी बाइक के हैंडल से छू गया। इस पर बाइक सवारों ने कार का पीछा किया और पश्चिमी बाईपास पर बाइक आगे लगाकर उन्हें रोक लिया। आरोप है कि एक युवक ने कार की चाबी निकाल ली, जबकि दूसरे ने उत्तम से मारपीट कर मोबाइल छीन लिया। इसके बाद दोनों धमकी देकर भाग निकले। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने सुजानीपुर निवासी जीतेंद्र उर्फ जीतू सिंह और इंद्रराज पासवान के खिलाफ लूट की प्राथमिकी दर्ज की थी। कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि दोनों आरोपियों को गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से लूटा गया मोबाइल भी बरामद हुआ है।