पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के तहत रविवार को जीरो से पांच साल के बच्चों को दो बूंद जिंदगी की पिलाई गई। एक लाख 83 हजार 22 बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई। स्वास्थ्य टीमें कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बूथों का भ्रमण करके स्थितियों का जायजा लेती रहीं।
इस बार जिले में 439071 बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाने का लक्ष्य रखा गया था। इसके लिए 1280 बूथ बनाए जाने के साथ 45 ट्राजिस्ट टीमें व 39 मोबाइल टीमों पर निगरानी के लिए 256 सुपरवाइजर लगाए गए थे। सदर अस्पताल के बूथ में डीएम राकेश कुमार ने एक बच्चे को दो बूंद जिंदगी की पिला करके पोलियो की बीमारी को जड़ से उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। सीडीओ भवानी सिंह व सीएमओ डॉ. विनय कुमार पांडेय ने भी राष्ट्रीय कार्यक्रम में पूरी सिद्दत से अभिभावकों से जुड़ने की अपील की। बूथ डे के लक्ष्य के सापेक्ष 183022 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। जबकि पिछले राउंड में 184208 बच्चों को खुराक पिलाई गई थी। पल्स पोलियो कार्यक्रम के प्रभारी डॉ. एके सिंह ने बताया कि 41.68 प्रतिशत बच्चों ने पोलियो ड्राप पिलाया गया है। खजुहा में अभिभावकों में इस राउंड उत्साह में कमी देखने को मिली है। बताया कि पांच दिवसीय डोर टू डोर चलने वाले कार्यक्रम से शेष बच्चों को आच्छादित किया जाएगा।