रमजान शुरू होने के ठीक एक दिन पूर्व लागू किया गया रोस्टर उपभोक्ताओं के लिए बवाल-ए-जान साबित हो रहा है। बुधवार को रोस्टर बदलवाने को लेकर बड़ी संख्या में रोजेदार सड़कों पर उतर पड़े। जुलूस के रूप में शासन व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तहसील मुख्यालय पहुंचे। यहां एसडीएम को दिए गए ज्ञापन में चेतावनी दी कि अगर चौबीस घंटे के अंदर रोस्टर न बदला गया तो बांदा सागर व मुगल रोड हाइवे में रोड जामकर अनिश्चितकालीन धरना व प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
बिंदकी नगर में रमजान के एक दिन पहले से रोस्टर बदल देने के कारण नगर की विद्युत आपूर्ति रोजदारो के लिए ही नहीं बल्कि पूरी अवाम के लिए मुसीबत का सबब बन गया। तभी काजी- ए- शहर बिंदकी मोहम्मद रजा कादरी, सफी अहमद चीनियर, सपा नगर अध्यक्ष जाहिद खां बन्ने, पूर्व सभासद मोइद अंसारी, जफर राइन, शकील भाई न्यारिया, अकरम गुड्डू, रफाकत, योगेश गुप्ता उर्फ पप्पू आदि लोगों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए एसडीएम को दिए गए ज्ञापन में कहा था कि बिंदकी के लोगों से शहरी क्षेत्र का बिल लिया जाता है। इसके बावजूद 16 घंटे मिलने वाली विद्युत आपूर्ति मात्र 12 घंटे निर्धारित की गई है लेकिन ट्रिपिंग, शट डाउन के चलते यह आपूर्ति छह सात घंटे में ही सिमटकर रह जाती है। रोजदाराें ने कहा था कि बिंदकी का जो रोस्टर लागू किया गया है। वह कोढ़ में खाज का काम करने वाला है। इससे अच्छा तो पहले वाला रोस्टर रात 12 बजकर 30 मिनट से सुबह सात बजकर 30 मिनट तक और सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक का ही बेहतर था।
ज्ञापन देने गए लोगों ने मांग दोहराई थी कि रोजदाराें व जनहित में बिंदकी नगर का रोस्टर रात 10 बजे से सुबह सात बजे तक और पूर्वाह्न 11 बजे से शाम चार बजे तक लागू किया जाए। इस मांग को पूरा न करने से रोजदारो का आक्रोश भड़क गया। बुधवार को जुलूस के रूप में तहसील पहुंचे रोजदारों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर अल्टीमेटम दिया है कि यदि चौबीस घंटे के अंदर उनके मांग के मुताबिक रोस्टर लागू कर विद्युत आपूर्ति न शुरू की गई तो रोड जामकर ऐतिहासिक आंदोलन शुरू किया जाएगा।
कोट
विद्युत रोस्टर बदलने के लिए सहायक अभियंता विद्युत और स्वयं संयुक्त हस्ताक्षर करके पत्र जिलाधिकारी महोदय के माध्यम से एमडी विद्युत आपूर्ति शक्ति भवन लखनऊ के लिए भेजा गया था लेकिन रोस्टर नहीं बदला। रोस्टर बदलवाने के लिए उच्चाधिकारियों से वार्ता की जाएगी। - जेएन सचान- एसडीएम, बिंदकी।