ग्राम पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के भाग्यविधाताओं की
मान मनौव्वल में तेजी आ गई है। 24 घंटे बाद होने वाली अग्रिपरीक्षा ने
प्रधान पद के उम्मीदवारों के दिल की धड़कनें तेज कर दी हैं। प्रधान बनने की
चाहत लिए दावेदार खुद के चुनाव को तानने के लिए हर तौर तरीके इस्तेमाल कर
रहे हैं। जिससे बर्थ-डे पार्टी से लेकर मांगलिक कार्यक्रम मेें सहयोग करने
की प्रत्याशियों के बीच होड़ मची है।
इस चरण का चुनाव एक दिसंबर को
होना है। जिसमें असोथर, तेलियानी व बहुआ ब्लाक शामिल हैं।
असोथर मेें 47,
तेलियानी मेें 57 व बहुआ मेें 59 ग्राम पंचायत सीटों के लिए होने वाले
चुनाव के लिए 1801 उम्मीदवार आमने सामने हैं। जो 3 लाख 34 हजार के करीब
वोटरों को रिझाने के लिए हर जतन कर रहे हैं।
इसमें मान मनौव्वल से लेकर
आवभगत तक शामिल है। प्रधानी का ख्वाब संजोए यह उम्मीदवार वोटर के मुंह से
निकली हर फरमाइश को सहर्ष स्वीकार कर रहे हैं। शनिवार को दूसरे चरण के होने
वाले मतदान के मद्देनजर इसमें और इजाफा हुआ है।
वोटर जो कह रहा है, हाथ
जोड़ कर आगे पीछे चक्कर काट रहे उम्मीदवार उसे मान रहे हैं। जानकारों की
माने तो दावत पार्टियों में तेजी आ गई है। यह दीगर है कि तमाम दावेदार
इन्हें दूसरे रूप में वोटरों के बीच प्रस्तुत करके चुनावी उल्लू सीधा करने
का प्रयास कर रहे हैं।
जिन घरों में बर्थ डे पहले नहीं मनाया जाता था, वह
इधर सप्ताह भर से देखने को मिल रहा है। गांव से ब्याह कर जाने वाली बेटी के
विवाह में सहयोग करने की भावी प्रधानों के बीच होड़ मची है। कोई किसी से
कम नहीं रहना चाहता है।
दूसरे चरण के मतदान के लिए सीआरपीएफ और पुलिस ने रविवार को संयुक्त फ्लैग मार्च कर गड़बड़ी फैलाने वाले अराजकतत्वों को सख्ती से निपटने का संदेश दिया।
बहुआ ब्लाक में सीओ जाफरगंज बृजराज सिंह ने तीन कंपनी सीआरपीएफ के साथ मार्च किया। बहुआ, ललौली, मुत्तौर, दतौली में सीआरपीएफ जवानों की कदम ताल से अराजकतत्व भागते दिखाई पड़े। इसके बाद गाजीपुर क्षेत्र में मार्च किया गया।