थरियांव। थाना क्षेत्र में गाजर से लोड ट्रक बाइक सवार को बचाने में बेकाबू होकर हाईवे पर पलट गया। ग्रामीणों में गाजर बटोरने को लेकर भगदड़ मच गई। पुलिस ने हाइड्रा की मदद से ट्रक को हाईवे से किनारे कर आवागमन सुचारु कराया। हादसे में चालक-खलासी बाल बाल बच गए।
हरियाणा निवासी ड्राइवर शकील ने बताया कि वह अपने खलासी साहिल के साथ गंगानगर राजस्थान से गाजर लोड करके सासाराम बिहार जा रहा था। वह शुक्रवार सुबह थरियांव थाना क्षेत्र के शिव पेट्रोलियम के सामने पहुंचा। उसी बीच एक बाइक सवार हाईवे के बीच आ गया। उसे बचाने के चक्कर में गाजर लदा ट्रक बीच हाईवे में पलट गया। हाईवे पर पूरी गाजर फैल गई। ट्रक पलटते ही ग्रामीणों में गाजर बटोरने की होड़ मच गई। थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि हाइड्रा की मदद से ट्रक को हाईवे से किनारे कर आवागमन सूचारू किया गया है। (संवाद)