जाफरगंज/बकेवर। खजुहा ब्लॉक की ग्रामसभा मंसूरपुर में एक सप्ताह से 25 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंका होने से बिजली आपूर्ति बाधित है। ओवरलोडिंग के कारण ट्रांसफार्मर बार-बार जल जाता है। ग्रामीण लंबे समय से यहां 63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग कर रहे हैं। प्रधान अरविंद दुबे ने बताया कि अफसरों से कई बार शिकायत की गई लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। अवर अभियंता देवदत्त चौरसिया ने बताया कि फुंका ट्रांसफार्मर जल्द बदल दिया जाएगा।
पधारा फीडर का ट्रांसफार्मर तीन दिन से फुंका, 300 घरों की बिजली गुल
बकेवर विद्युत उपकेंद्र के पधारा फीडर में लगा 250 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंकने से तीन दिन से करीब 300 घरों की बिजली आपूर्ति ठप है। ओवरलोडिंग के कारण यह ट्रांसफार्मर अक्सर खराब हो जाता है। इससे उपभोक्ताओं को बार-बार परेशानी उठानी पड़ रही है। अवर अभियंता राधाकृष्ण त्रिवेदी ने बताया कि ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने के लिए पिछले दो वर्षों में चार बार एस्टीमेट बनाकर भेजा गया लेकिन अब तक स्वीकृति नहीं मिली। फिलहाल ट्रांसफार्मर बदलने की प्रक्रिया चल रही है।