धाता। नगर पंचायत क्षेत्र के नरिहाई तालाब के पास लगा 63 केवीए का ट्रांसफार्मर चार दिन से फुंका है। इससे सिराथू रोड, नरहरतारा और मजार के आसपास के करीब 50 घरों में बिजली आपूर्ति ठप है। भीषण गर्मी के बीच बिजली न होने से क्षेत्र में पेयजल संकट भी गहरा गया है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि बिजली नहीं होने से घरों के इन्वर्टर जवाब दे चुके हैं और मोबाइल चार्ज करना भी मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी पीने के पानी को लेकर है क्योंकि अधिकांश घरों में पानी की आपूर्ति सबमर्सिबल पंप से होती है। बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
मोहल्ला निवासी राजकुमार सिंह, मार्कंडेय सिंह, निरंजन सिंह, अनिल मोदनवाल, जय सिंह कश्यप, बल्लू गुप्ता, ब्रजभूषण सिंह, सूरज सोनी, धनंजय यादव और नीरज सोनी ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना विद्युत निगम को दे दी गई है। उन्होंने जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है।
अवर अभियंता अजय कुमार ने बताया कि खराब ट्रांसफार्मर बदलने की प्रक्रिया चल रही है। एक-दो दिन के भीतर नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।