फतेहपुर। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने विद्युत विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई अधिकारियों के तबादले किए हैं। जारी स्थानांतरण आदेश के तहत फतेहपुर में एक्सईएन और एसडीओ स्तर के अधिकारियों को नई तैनाती दी गई है। विभाग का मानना है कि इन बदलावों से कार्यों में तेजी आएगी और उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली सेवाएं मिलेंगी।
आदेश के अनुसार, एक्सईएन प्रथम रत्नेश जायसवाल का तबादला प्रयागराज स्थित वर्कशॉप में कर दिया गया है। उनकी जगह मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के मोहनलालगंज में तैनात कृष्ण कुमार को फतेहपुर का नया एक्सईएन प्रथम बनाया गया है। एसडीओ स्तर पर भी कई बदलाव किए गए हैं। प्रयागराज क्षेत्र-द्वितीय में कार्यरत योगेश कुमार को फतेहपुर में तैनाती दी गई है। वहीं, प्रयागराज से प्रमोद कुमार कोली को भी फतेहपुर में एसडीओ प्रथम के पद पर नियुक्त किया गया है।
खागा में तैनात एसडीओ दीपक कुमार सिंह को बिंदकी रोड द्वितीय उपखंड की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा मीटर विभाग में कार्यरत खागा के एसडीओ रमाकांत का स्थानांतरण फतेहपुर से बुलंदशहर कर दिया गया है, जबकि बिंदकी के एसडीओ आरए कुशवाहा को प्रयागराज भेजा गया है।
हालांकि रमाकांत और आरए कुशवाहा के स्थान पर अभी तक किसी नए अधिकारी की तैनाती नहीं हुई है। इससे खागा और बिंदकी के दो महत्वपूर्ण पद फिलहाल रिक्त हो गए हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि रिक्त पदों पर जल्द नियुक्तियां कर दी जाएंगी, जिससे विद्युत वितरण व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।