फतेहपुर। असनी गंगा पुल को तीन जून से पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। इस पुल पर मरम्मत कार्य के चलते फतेहपुर से लालगंज होकर रायबरेली व लखनऊ जाने वाले भारी वाहन सात मील-हुसैनगंज-डलमऊ मार्ग से संचालित किए जा रहे थे। इस दौरान असनी गंगा पुल पर केवल दोपहिया वाहन एवं ई-रिक्शा का आवागमन संचालित था। पुल निर्माण को समय से पूरा कराने के लिए मार्ग को अब पूर्णतया बंद कर दिया जाएगा।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि कार्यदायी संस्था की ओर से दी गई जानकारी के बाद पुल के मरम्मत कार्य को जल्द पूरा कराने के लिए तीन जून से 20 जून तक असनी गंगा पुल पर सभी प्रकार के यातायात, जिसमें दोपहिया वाहन एवं ई-रिक्शा भी सम्मिलित हैं, पूर्णत: प्रतिबंधित किया गया है। ताकि पुल मरम्मत कार्य निर्धारित समय पर पूरा किया जा सके। इस दौरान फतेहपुर से सातमील-असनी होकर लालगंज, रायबरेली एवं लखनऊ जाने वाले सभी वाहन फतेहपुर-सातमील-हुसैनगंज-डलमऊ-लालगंज-रायबरेली/लखनऊ मार्ग से अपने गंतव्य तक जाएंगे। वापसी के लिए भी इसी मार्ग का प्रयोग करेंगे। उन्होंने वाहन चालकों एवं आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित डायवर्जन मार्ग का उपयोग करें तथा सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।