फोटो-03-कुंवरपुर रोड पर लगे जाम में फंसे वाहन। संवाद
बिंदकी। नवीन मंडी समिति और आढ़तियों के यहां धान की आवक बढ़ने से सोमवार को कुंवरपुर रोड दिनभर यातायात प्रभावित रहा। कुंवरपुर रोड से आंबेडकर चौराहे तक लगे जाम का असर तहसील रोड और ललौली रोड पर भी पड़ा। इससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कुंवरपुर रोड पर नवीन मंडी समिति के अलावा सड़क किनारे भी बड़ी संख्या में आढ़ती धान की खरीद करते हैं। सोमवार को किसान उपज लेकर मंडी और आढ़तों पर पहुंचे तो वाहनों की कतार लग गई। इस मार्ग पर छह से अधिक धर्मकांटे संचालित हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई धर्मकांटों पर भारी वाहनों की तौल के बाद उन्हें बैक कराने और एक से अधिक वाहन खड़े करने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है।
तौल के दौरान वाहनों को आगे-पीछे करने से मुख्य मार्ग बाधित हो जाता है और जाम लग जाता है। कुंवरपुर रोड बिंदकी कस्बे के साथ आसपास के क्षेत्रों को प्रयागराज हाईवे और जिला मुख्यालय से जोड़ता है। ऐसे में जाम के कारण जरूरी काम से निकले लोगों को भी देर तक फंसे रहना पड़ता है।
सीओ प्रयांक जैन ने बताया कि ललौली चौराहे और कुंवरपुर रोड पर यातायात पुलिस तैनात की गई है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के चालान भी किए जा रहे हैं। यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
फोटो-03-कुंवरपुर रोड पर लगे जाम में फंसे वाहन। संवाद