फोटो -47- क्रॉसिंग पर लगा जाम। संवाद
अछल्दा। बुधवार शाम दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग की रेलवे क्रॉसिंग 13बी पर फाटक देर से खुलने से लंबा जाम लग गया। इसके चलते अछल्दा-बिधूना मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोगों को करीब 20 मिनट तक जाम की समस्या झेलनी पड़ी।
फाटक शाम लगभग 5:55 बजे बंद हुआ। लगातार ट्रेनों के आवागमन के कारण इसे नहीं खोला गया। करीब 15 मिनट बाद 6:10 बजे फाटक खुला। फाटक खुलते ही बाइकों का काफिला बड़े वाहनों के आगे निकल पड़ा। इससे बड़े वाहन अपनी जगह से हिल नहीं सके। दो मिनट बाद अप लाइन पर ट्रेन आने पर गेटमैन ने फाटक बंद करने का प्रयास किया। लेकिन क्रॉसिंग पर जाम होने से फाटक बंद नहीं हो सका।
कस्बा के लोगों की मदद से फाटक को शाम 6:15 बजे बंद कराया गया। वहीं, कानपुर से इटावा जा रही 12003 शताब्दी एक्सप्रेस को दो मिनट के लिए आउटर के होम सिग्नल पर रोका गया। इसके बाद उसे गंतव्य की ओर रवाना किया गया। दोबारा फाटक 6:17 बजे खुला, जिसके बाद जाम पूरी तरह से खुल सका।