मलवां स्टेशन के समीप ट्रैक से उतरा मालगाड़ी का पहिया
- फोटो : FATEHPUR
अल्लीपुर (फतेहपुर)। मलवां रेलवे स्टेशन से फतेहपुर आ रही मालगाड़ी का पहिया सांड़ के टकराने से पटरी से उतर गया। इस कारण चार घंटे 40 मिनट डाउन ट्रैक बाधित रहा। इस दौरान वंदे भारत ट्रेन पौने चार घंटे रास्ते में खड़ी रही।
जमशेदपुर से खाली मालगाड़ी लेकर चालक हरिशंकर और बसंत गोरखपुर जा रहे थे। मालगाड़ी मलवां स्टेशन से एक किमी आगे जैसे ही निकली, तो 9.35 बजे ट्रैक पर एक सांड़ ट्रेन से टकरा गया।
सांड़ के टकराने से मालगाड़ी की आठवीं बोगी का एक पहिया पटरी से नीचे उतर गया। चालक ने सावधानी बरतते हुए गाड़ी खड़ी करके कंट्रोल रूम को सूचना दी।
सूचना मिलते ही डाउन लाइन की गाड़ियों को रास्ते में ही रोक दिया गया। 11.55 बजे अप लाइन से पहली कोयला लदी मालगाड़ी निकाली गई। 12.34 बजे प्रयागराज से दुर्घटना राहत ट्रेन मौके पर पहुंची।
इस दौरान 10 बजे से वंदे भारत ट्रेन को मलवां स्टेशन की लूप लाइन पर रोक गया। पूरे एक घंटे 11 मिनट की मशक्कत के बाद ट्रेन का पहिया पटरी पर लाया गया।
तब जाकर 1.45 पर ट्रैक चालू हो पाया। एडीएसटीई दयाशंकर ने बताया 1.45 बजे ट्रैक दुरुस्त करके चालू करा दिया गया है। सिर्फ वंदे भारत ट्रेन पौने चार घंटे खड़ी रही है।
दो हिस्सों में बंटी मालगाड़ी
फतेहपुर। शुक्रवार को कानपुर से प्रयागराज जा रही मालगाड़ी सतनरैनी रेलवे स्टेशन के पास दो हिस्सों में बंट गई। चालक हरिकेश सिंह व गार्ड शहाबुद्दीन की सूचना पर देर रात पहुंची इंजीनियरिंग टीम ने मालगाड़ी के दूसरे हिस्से को खागा रेलवे स्टेशन की लूप लाइन पर लाकर जोड़ा। इस दौरान 40 मिनट तक रेल यातायात बाधित रहा।