फतेहपुर। चौक क्षेत्र का 400 केवीए का ट्रांसफार्मर मंगलवार शाम को फुंक गया। इससे करीब दो हजार लोग गर्मी में परेशान रहे। जलापूर्ति ठप रही। बुधवार सुबह लोगों को हैंडपंप पर लाइन लगानी पड़ी। बिजली विभाग के अधिकारियों ने देर रात आपूर्ति बहाल करने का भरोसा दिया है।
सदाशिव धर्मशाला के पास 400 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा है। शाम को करीब आठ बजे निकली चिंगारी से ट्रांसफार्मर फुंक गया। इससे कटरा अब्दुलगनी, सदाशिव धर्मशाला रोड, चौक मोहल्ले की बिजली गुल हो गई। उमस भरी गर्मी में लोग रातभर बेहाल रहे। कटरा अब्दुलगनी मोहल्ले के विनोद गुप्ता ने कहा कि सुबह किराये पर जेनरेटर लाकर पानी भरना पड़ा है। रोहित रस्तोगी ने कहा कि ट्रांसफार्मर फुंकने से लोग उमस भरी गर्मी में बेहाल रहे। बबलू ने कहा कि सुबह पानी नहीं मिला। धर्मशाला के सामने हैंडपंप से पानी भर कर लाना पड़ा।
अवर अभियंता संतोष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि प्रयागराज के बम्हरौली से ट्रांसफार्मर मंगाया गया है। रात 10 बजे तक बिजली सप्लाई बहाल करा दी जाएगी।