फोटो-16-खागा कस्बे में लगी सब्जी की दुकान। संवाद
फतेहपुर। जिले में टमाटर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी ने रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। जिले में पैदावार घटने के बाद अब मंडियों में मुख्य रूप से कन्नौज के उत्तरीपुरा क्षेत्र से टमाटर की आवक हो रही है। बाहरी आपूर्ति और परिवहन खर्च बढ़ने के कारण पिछले 10 दिनों में टमाटर के दाम दोगुने होकर 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। इससे उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गई है। हरी सब्जियों के दामों में भी इजाफा हुआ है।
सब्जी विक्रेताओं शमीम अहमद, गोलू मौर्य, बृजकिशोर, विनय आदि ने बताया कि गर्मी के कारण जिले में सब्जी की पैदावार में कमी आई है। बाजार में टमाटर की आवक बेहद कम हो गई है। अधिकांश टमाटर कन्नौज जिले के उत्तरीपुरा क्षेत्र से अभिलाष और सक्षम किस्म के मंगाए जा रहे हैं। इससे परिवहन लागत बढ़ने से इसका असर खुदरा बाजार पर दिख रहा है। टमाटर के साथ तोरई, करेला और हरी मिर्च जैसी सब्जियों के दामों में भी इजाफा हुआ है।
हरिहरगंज निवासी गृहिणी गुड़िया, सुनीता गुप्ता, खागा के रामनगर मोहल्ला निवासी कोमल सहित अन्य महिलाओं का कहना है कि टमाटर रोजमर्रा के भोजन का अहम हिस्सा है। कीमतें दोगुनी होने से रसोई का बजट गड़बड़ा गया है। अब इसका सीमित इस्तेमाल करना पड़ रहा है।
खागा नवीन मंडी के शमीम आढ़ती ने बताया कि कन्नौज जिले के उमर्दा में राज्य सरकार का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर वेजिटेबल संचालित है। यहां इंडो-इजराइल तकनीक से उच्च गुणवत्ता वाले टमाटर के पौधे किसानों को उपलब्ध कराए जाते हैं। अभिलाष और सक्षम किस्म के टमाटर अपेक्षाकृत अच्छे होते हैं। इससे परिवहन में आसानी होती है और यह फसल अधिक तापमान सहन कर सकती है।
एक नजर में दाम....
सब्जी पहले अब
टमाटर 30 70
खीरा 40 80
अदरक 100 150
तोरई 20 40
हरी मिर्च 40 60
फूलगोभी 40 60
करेला 40 80
भिंडी 30 40
लहसुन 120 160
शिमला मिर्च 40 80
प्याज 15 20
-
(नोट : सब्जियों के दाम प्रतिकिलो रुपये में फुटकर बाजार से।)
फोटो-16-खागा कस्बे में लगी सब्जी की दुकान। संवाद