फतेहपुर। जिला पंचायत राज अधिकारी ने जिलेभर की ग्राम पंचायतों से शौचालयों का हिसाब मांगा है। उन्होंने इस संबंध में सभी पंचायत सचिवों और ब्लॉकों के एडीओ से स्वच्छ भारत मिशन के तहत आवंटित की गई धनराशि और उसके सापेक्ष अभी तक निर्माणाधीन पड़े शौचालयों का ब्योरा मांगा है।
डीपीआरओ अजय आनंद सरोज ने बताया कि पंचायतों के प्रधानों और सचिवों एवं ब्लॉकों के सहायक विकास अधिकारियों को निर्देशित कर एक-एक ग्राम पंचायत में शौचालय निर्माण के लिए भेजी गई धनराशि और उसके सापेक्ष व्यय की गई धनराशि और अब तक निर्मित हुए शौचालय और निर्माणाधीन शौचालयों का हिसाब मांगा गया है।
उन्होंने बताया कि पंचायतों से यह भी विवरण तलब किया गया है कि ऐसे कितने लाभार्थी हैं, जिन्होंने शौचालय निर्माण की धनराशि तो ले रखी है लेकिन अभी तक शौचालय नहीं बनवाया है। डीपीआरओ ने कहा कि अगर एक पखवारे के अंदर लाभार्थी शौचालय का निर्माण नहीं करते हैं तो यह सरकारी धन का दुरुपयोग माना जाएगा और सभी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।