फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के मेवली मोड़ पर शुक्रवार रात करीब 11:00 बजे बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई। एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। पुलिस के मुताबिक तीनों के सिर पर गंभीर चोटें आने से उनकी मौत हुई है।
पुलिस के मुताबिक ललौली थाना क्षेत्र के सिधांव गांव निवासी आकाश यादव (25) गांव के सौरभ द्विवेदी (28), उमेश पाल के साथ बाइक से निमंत्रण में शामिल होकर घर लौट रहे थे। दूसरी ओर से बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के दुगरई निवासी दूसरी बाइक का सवार गजराज पाल उर्फ पिंटू (35) बहुआ की ओर से निमंत्रण में शामिल होकर घर जा रहे थे।
मेवली मोड पर बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बाइक सवार चारों घायलों को सीएचसी गाजीपुर में भर्ती कराया। यहां डॉक्टर ने सौरभ द्विवेदी, गजराज पाल उर्फ पिंटू, आकाश को मृत घोषित कर दिया। घायल उमेश पाल को जिला अस्पताल पर किया गया। बहुआ चौकी प्रभारी अंबरीश मिश्रा ने बताया हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। घटनास्थल पर जांच की जा रही है।