खागा। खेलते हुए तालाब किनारे पहुंचे तीन साल के बच्चे की डूबने से मौत हो गई। कुछ देर बाद जब परिजन उसे खोजने निकले तो शव देखकर कोहराम मच गया। शव का अंतिम संस्कार परिजनों ने कर दिया है।
किशनपुर थानाक्षेत्र के सिकटिया पर गांव (सिलमी) निवासी नफी अहमद का पुत्र अली मोहम्मद (3) शनिवार की दोपहर घर में खेल रहा था। परिजन भी घर के काम में लगे हुए थे। खेलते हुए अली मोहम्मद बाहर आ गया और घर के सामने बने तालाब किनारे पहुंचा और पानी में जाते ही वह डूब गया। इसकी भनक परिजनों को कुछ देर बाद लगी। अली मोहम्मद को घर में न पाकर परिजन खोजने के लिए बाहर निकले तो सामने तालाब किनारे उसका शव देख परिजन बिलख पड़े। परिजन शव को लेकर घर आए और फिर उसका अंतिम संस्कार कर दिया। एसओ किशनपुर पंधारी सरोज ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं दी गई है।