फोटो 39-कोतवाली में पकड़े गए आरोपी। स्रोत: पुलिस
फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के प्रयागराज-कानपुर हाईवे पर डीसीएम चालक को पीटकर नकदी लूटने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से नकदी और घटना में इस्तेमाल ऑटो रिक्शा बरामद किया है। पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश किया। यहां से सभी को जेल भेज दिया गया है।
मेरठ जिला के मुंडाली थाना क्षेत्र के अडगांव निवासी फरीद अली डीसीएम चालक हैं। वह 27 जुलाई की रात प्रयागराज-कानपुर हाईवे पर एक होटल के बाहर डीसीएम खड़ी कर नजदीक में लेटे थे। तभी ऑटो सवार तीन लुटेरों ने चालक को पीटकर नकदी लूट ली थी।
कोतवाली पुलिस ने बुधवार को मामले में राधानगर थाना क्षेत्र के गंगानगर निवासी भूरा उर्फ निखिल गुप्ता और उसके साथी गाजीपुर थाना क्षेत्र के सिमौर निवासी राहुल लोधी और विनोद कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह रात करीब डेढ़ बजे विनोद के ऑटो से खाना खाकर लौट रहे थे। होटल के पास उन्हें डीसीएम खड़ी दिखाई दी। चालक गाड़ी के पास आराम कर रहा था। इसके बाद उन्होंने लूट की योजना बनाई।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि भूरा चालक के पास पहुंचा और धमकाकर एक हजार रुपये छीन लिए। इसके बाद और रुपये मांगने पर चालक ने विरोध किया तो तीनों ने उसके साथ धक्का-मुक्की की। चालक ने गाड़ी का गेट बंद करने का प्रयास किया तभी खींचतान में गेट उसके सिर में लग गया। इससे खून निकलने लगा। इसके बाद तीनों आरोपी भाग गए। लूटे गए रुपये उन्होंने आपस में बांट लिए और कुछ खर्च कर दिए।
पुलिस ने आरोपियों के पास सेे 700 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा बरामद किया है। मुख्य आरोपी भूरा उर्फ निखिल के खिलाफ राधानगर और कोतवाली थाने में मारपीट व हत्या की कोशिश समेत कई अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
फोटो 39-कोतवाली में पकड़े गए आरोपी। स्रोत: पुलिस