जाफरगंज थाना क्षेत्र के रोटी चौराहे पर वाहन चोर गिरोह के सदस्यों को चोरी की बाइकों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो अन्य सदस्य चकमा देकर भागने में सफल रहे। पुलिस कप्तान ने टीम को पांच हजार रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया है।
पुलिस लाइन में पुलिस कप्तान सालिगराम वर्मा ने सोमवार को वाहन चोर गिरोह के दबोचे गए तीनों लुटेरों को मीडिया के समक्ष पेश किया।
पुलिस कप्तान ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर जाफरगंज की पुलिस ने रविवार को क्षेत्र के रोटी चौराहे में दबिश दी।
जाफरगंज थानेदार राधेश्याम राव की टीम को चौराहा के दाहिने साइड पर पांच लोग बाइक के साथ खड़े दिखाई दिए।
पुलिस आगे बढ़ी तो इनमें से दो लोग भाग खड़े हुए जबकि तीन को पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस कार्रवाई की जद में आए तीनो में विक्रम पुत्र बंशलाल निवासी रतवाखेड़ा के पास से चुराई गई पल्सर बरामद हुई।
सौरभ पुत्र राम किशन निवासी रुसिया के पास से हीरो पैशन व हकीम पुत्र नूर मोहम्मद निवासी रुसिया के पास से हीरो हांडा स्पेंलडर बरामद हुईं।
इसके अलावा मौके से ही पल्सर को बरामद किया गया। यह बाइक जाफ रगंज थाना क्षेत्र के जद्दूपुर गांव के गुड्डू उर्फ मनीष की है।
पुलिस कप्तान ने बताया तीनों ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। भागे हुए वाहन चोरों के नाम गुड्डू उर्फ मनीष व विकास तिवारी निवासी रुसिया बताए है।
जामा तलाशी मेें विक्रम के पास से चाबीनुमा कील बरामद हुई है जिसका प्रयोग लाक तोड़ने मं किया जाता था। बकौल कप्तान, लुटेरे वारदात को अंजाम देने के बाद रास्ते में वाहन की नंबर प्लेट, चेचिस नंबर व इंजन नंबर बदल देते थे। कागज मांगने पर फर्जी रजिस्ट्रेशन व इंश्योरेंस थमा देते थे। दबोचे गए लुटेरो ने चुराई गई तीन बाइकों की जानकारी मनीष व विकास को होने की बात बताई है। कप्तान ने बताया कि फरार दोनों लुटेरे भी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।