पीएसी मोड़ पर दुर्घटना के बाद पुलिस को शव उठाने से रोकती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
शहर के जयराम नगर, शांतीनगर, अंदौली में रविवार को हादसों में तीन जिंदगियंा छिनी हैं। जयरामनगर इलाके में दुर्घटना के बाद इलाकाई लोगों ने जमकर हंगामा काटा। पुलिस ने जाम में फंसे ओवरलोड ट्रकों को एक तरफ से सीज करने की कार्रवाई की। किसी तरह से हालातों पर काबू पाया। इधर, शांतिनगर इलाके में सुबह पहर ही बाइक सवार को बोलेरो कुचल कर फरार हो गई। दोपहर बाद अंदौली इलाके में खेल रही ढाई साल की बच्चे की रोड रोलर ने कुचल डाला। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
पत्नी व बच्चों का हाल बेहाल- मृतक आशीष कुमार गुप्ता शहर के घनी आबादी वाले चौक से सटे इलाके पीलू तले में रहते थे। घटना की खबर से बाजार में फैलते ही मर्च्युरी में व्यापारियों की भीड़ लग गई। मायके से पत्नी सुमन खबर सुनकर घर लौटी। वह घटना से बेसुध हो गई। परिजनों ने बताया कि आशीष के तीन मासूम बच्चों में बेटा आयुष व आशी, राशी हैं।
पुलिस ने ओवरलोड 14 ट्रक किए सीज- जयराम नगर के लोगों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि ओवरलोड ट्रकों और जर्जर रास्ते की वजह से हादसा हुआ है। पुलिस ओवरलोड ट्रकों पर कार्रवाई नहीं करती है। इन ट्रकों से अवैध वसूली की जाती है। पुलिस को यह बात खराब लग गई। जाम में फंसे करीब 14 ट्रकों को पुलिस सीज करने की कार्रवाई की। कई ट्रक पीछे रास्ते से ही वापस लौट गए।
ट्रक के पीछे भागने वाली महिला कौन?- हादसे के बाद इलाकाई लोगों ने बताया कि एक महिला बच्चे को लेकर हादसा करने वाले ट्रक का पीछा करने के लिए दौड़ी थी। उस महिला को भी ट्रक चालक लेकर फरार हो गया है। यह सूचना घटनास्थल पर चर्चा का विषय रही है। कोतवाल आरके पांडेय ने बताया कि सूचना अफवाह रही है। बाइक सवार के साथ कोई नहीं था, न किसी ने ट्रक का पीछा किया है।
------