फतेहपुर। मलवां थाने के बुधइयापुर गांव में भीड़ की पिटाई से युवक की मौत के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में 11 आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त तीन लाठी-डंडे बरामद किए हैं।
हुसैनगंज थानाक्षेत्र के भिटौरा निवासी कमलेश दिवाकर बुधइयापुर गांव रविवार रात पहुंचा था। ग्रामीणों ने चोरी का आरोप लगाकर उसे पीटा था। पिटाई से मरणासन्न कमलेश की जिला अस्पताल में मौत हो गई थी। कमलेश के भाई सुमेश उर्फ छोटू ने आरोप लगाया कि बुधइयापुर गांव की तारा देवी ने भाई को धोखे से बुलाया था। जहां भाई की तारा ने अपने पति मान सिंह, ससुर राजबिहारी ,भतीजे विमल, गोरेलाल, कमल सिंह, अवध बिहारी, छैल बिहारी, अभिमन्यु, आशीष, विमलेश (भुन्नर), धनंजय, राजेंद्र, रमाकांत व कुछ अन्य लोगों ने भाई पीटकर हत्या की है। पुलिस ने तारा समेत सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस ने महिला के ससुर राजबिहारी, भतीजे विमल और कमल सिंह को गिरफ्तार किया है। प्रभारी निरीक्षक राजीव मिश्रा ने बताया कि तीन आरोपियों को पकड़ा गया है। आरोपी कोर्ट के आदेश पर जेल भेजे गए हैं।