फतेहपुर। खाद वितरण के दौरान सहकारी समिति के सचिव से गाली-गलौज और धमकी का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो युवकों ने सचिव को धमकाने के बाद तीन लाख 71 हजार 141 रुपये की बिक्री राशि निकाल ली। इसके बाद फरार हो गए। मामला गाजीपुर थाना क्षेत्र के खेसहन गांव का है। पुलिस ने शनिवार को रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खखरेरू थाना क्षेत्र के रूहेल्लापुर पौली गांव की सहकारी समिति बी में खेसहन गांव निवासी लक्ष्मीकांत दीक्षित सचिव हैं। उन्होंने बताया कि 23 अक्तूबर को वह किसानों को खाद बांट रहे थे।
इसी दौरान गांव के वशीलउद्दीन भतीजे अनस अहमद के साथ पहुंचे। यहां जबरन खाद की बोरियां निकालने लगे। रोकने पर दोनों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। मौके का फायदा उठाकर अलमारी में रखे तीन लाख 71 हजार 141 रुपये लेकर फरार हो गए। थानाध्यक्ष विद्याप्रकाश सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।